दिल्ली के नरेला में बुधवार देर रात रोडरेज के दौरान हुई कहासुनी में फॉरच्यूनर सवार एक युवक ने दिल्ली पुलिस के सिपाही को गोली मार दी। गोली पैर में लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर नरेला थाना पुलिस मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है।
गाड़ी हरियाणा के झज्जर जिले के छोटा दाबोदा गांव निवासी मोनू के नाम पर रजिस्टर्ड है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि फॉरच्यूनर सवार युवक खुद को मोनू दाबोदा बता रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी की पहचान पवन दहिया (32) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ नरेला में रहता है। उसकी तैनाती सिक्योरिटी में है। पवन का चचेरा भाई विकास भी दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही कार्यरत है और उसकी तैनाती चतुर्थ बटालियन में है। वहीं उसका एक परिचित विनोद नरेला थाने में तैनात है।
बुधवार रात को पवन के फूफा शिवाजी एंक्लेव निवासी सुरेंद्र पवन के पास आए थे। पवन, विनोद और विकास उनके साथ स्कॉर्पियो से मुरथल में खाना खाने गए थे। वहां से सभी देर रात वापस आए। नरेला स्थित सेक्टर-सात के डीडीए फ्लैट सोसाइटी के गेट पर गाड़ी से उतरने के बाद सभी आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान सामने से एक फॉरच्यूनर आई। उसमें सवार एक युवक ने पुलिसकर्मियों को साइड में खड़े होकर बात करने के लिए कहा। इसी बात पर कहासुनी हो गई। फॉरच्यूनर सवार युवक नीचे उतरा और पवन पर गोली चला दी। गोली पवन के पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।