नई दिल्ली के नरेला इलाके में 26 साल का युवक व 11 साल की लड़की रेलवे ट्रैक पर घायल मिले। उन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है। युवक के दोनों पैर कट गए हैं। घायलों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों को बताया है कि वह प्रेमी हैं। जबकि, रेलवे पुलिस के अनुसार दोनों ने बयान में प्रेम प्रसंग की कोई बात नहीं बताई। फिलहाल घायलों की काउंसलिंग कराई जा रही है।
युवक संजय (26) को राजा हरीशचंद्र अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार शाम नरेला स्टेशन के पास हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
दोनों ने मौके पर लोगों को बताया कि वह प्रेमी हैं । परिवार वालों के विरोध की वजह से ट्रेन के सामने खुदकुशी करने आए थे।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दूसरी ओर मामले की छानबीन के बाद पुलिस इसे महज हादसा बता रही है। रेलवे पुलिस उपायुक्त परवेज अहमद का कहना है कि जांच में ट्रेन के सामने कूदने की बात सामने नहीं आई है।