घरेलू बात से परेशान एक युवक ने बृहस्पतिवार की रात ओल्ड रेलवे स्टेशन पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरपीएफ प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे सेक्टर-18 निवासी पंकज शर्मा पत्नी माधुरी के साथ ओल्ड रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। दोनों प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़े होकर किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे।
कुछ देर बाद पंकज ने जेब से निकालकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। देखते ही देखते उसके मुंह से झाग निकलने लगी। वहां खड़े यात्रियों ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। सूचना पर एएसआई सतीश कुमार और सिपाही प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे।
दोनों ने उसे ऑटो में बैठाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि अब उसकी हालत स्थिर है। घरेलू परेशानी के कारण उसने ऐसा कदम उठाया था।