गुड़गांव में हुडा सिटी सेंटर-जहांगीर पुरी मेट्रो लाइन पर इफको चौक मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को एक युवक ने मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
सूचना के तुरंत बाद मेट्रो थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु कर दी लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को शव के पास मिले बैग के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
पढ़ें-दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए खुशखबरी
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे इफको चौक मेट्रो स्टेशन पर जहांगीरपुरी की तरफ जा रही मेट्रो के आगे अचानक युवक कूद गया। जिसके बाद आधी मेट्रो युवक के ऊपर से गुजर गई। युवक के ट्रैक पर कूदने की सूचना के बाद मेट्रो प्रबंधन ने मेट्रो को रुकवा दिया और पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही मेट्रो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। युवक के सुसाइड की सूचना मिलते ही स्टेशन पर लोगों की भीड़ बढ़ गई जिसके चलते शव को निकालने में पुलिस को काफी परेशानी हुई।
मेट्रो थाना प्रभारी के अनुसार युवक की उम्र 22 साल के आसपास है। युवक के पास कोई आईडी प्रूफ न मिलने से पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया है।
15 मिनट बाधित रही मेट्रो सेवा
दोपहर को मेट्रो के आगे कूदने के बाद हुडा सिटी सेंटर से जहांगीर पुरी की तरफ जाने वाली लाइन करीब 15 मिनट तक प्रभावित रही। जिसके बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो गया। डीएमआरसी प्रवक्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक के मेट्रो के आगे कूदने के बाद कुछ देर के लिए प्रभावित रही। हालांकि मेट्रो अधिकारियों ने तुरंत ही पुलिस को सूचित कर शव को ट्रैक से हटा दिया।