नई दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार रात एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मरने वाले की शिनाख्त श्रद्धानंद कॉलोनी निवासी प्रह्लाद (22) के रूप में हुई है।
जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा करने के दौरान उसका दो युवकों से झगड़ा हो गया था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सवा नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि श्रद्धानंद कॉलोनी में एक युवक को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी युवक को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रह्लाद पर चोरी के छह मामले दर्ज थे। तफ्तीश में पुलिस को पता चला कि घटना के समय प्रह्लाद दो युवकों के साथ नशा कर रहा था। इसी दौरान किसी बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई। युवकों ने प्रह्लाद पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए।