सुंदर नगरी इलाके में चिढ़ाने की बात पर बड़े भाई ने छोटे भाई की कैंची घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान आरिफ (25) के तौर पर हुई। घटना के बाद परिवार ने शुरुआत में इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम और पुलिस की जांच में हत्या का खुलासा हुआ।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आरोपी निजाम (28वर्षीय) को दबोच लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरिफ बड़े भाई को मोटा कहकर चिढ़ाता था। इसी गुस्से में बड़े भाई ने छोटे पर कैंची से वार कर दिया, जिससे उसक मौत हो गई। आरोपी से पुलिस इस घटना से जुड़े तमाम पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
आरिफ अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी के एम ब्लॉक में रहता था और अपने पिता बबुद्दीन के साथ जूते-चप्पल की रेहड़ी लगाता था। बड़ा भाई निजाम संगमरमर की घिसाई का काम करता था। शुक्रवार सुबह पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली उस वक्त घायल युवक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी।
निजाम ने पूछताछ में बताया कि वह घटना के वक्त घर पर नहीं था, लेकिन उसकी पत्नी ने इसे गलत बताया, जिसपर हुए शक के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।