शहर के नॉलेज पार्क स्थित निजी अस्पताल में नौकरी करने वाले एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव मंगलवार देर शाम दादरी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक के पास पड़ा मिला।
परिजनों ने अस्पताल के सुपरवाइजर पर बंधक बनाकर मारपीट और हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में परिजनों ने बुधवार को अस्पताल के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन देकर शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक दादरी रेलवे रोड स्थित दौलत राम कॉलोनी निवासी अजय (20) ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी था। मंगलवार को वह ड्यूटी आया तथा लेकिन घर वापस नहीं पहुंचा।
परेशान परिजन इधर उधर तलाश कर रहे। युवक का शव मंगलवार देर शाम दादरी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक के पास मिला। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को अजय के साथ सुपरवाइजर ने बंधक बनाकर मारपीट की और नौकरी से निकाल दिया था।
घटना के विरोध में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि किसी कर्मचारी का पंचिग कार्ड गुम हो गया था, जो अजय के पास से मिला था।
सुपरवाइजर ने रिपोर्ट दर्ज करा जेल भिजवाने की बात कहीं थी। साथ ही उसे नौकरी से निकाल दिया था। मामले की जांच की जा रही है। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि चोरी में पकड़े जाने पर सफाई कर्मी को नौकरी से निकाल दिया गया था, फिर भी उसके परिजनों की आर्थिक मदद की जाएगी।