सेक्टर डेल्टा वन निवासी महिला ने आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या कर ली। सोमवार की रात महिला ने पंखे से फंदा बनाकर कर जान दे दी। घर से मिले सुइसाइड नोट में महिला ने किसी को भी दोषी नहीं ठहराया। नोट में जिंदगी खत्म करने के बाद दोनों बेटियों का ख्याल रखने की बात कही। मध्यप्रदेश होशंगाबाद निवासी नीतू (34) परिवार के साथ डेल्टा-1 में किराये के मकान में रहती थी। पति कमल का ट्रेडिंग का काम है। मयूर विहार फेज वन स्थित मनु अपार्टमेंट में उनका ऑफिस है।
वह रविवार रात ऑफिस के काम से लखनऊ गए थे। सोमवार रात पत्नी नीतू ने पंखे में कपड़े का फंदा लगाकर जान दे दी। इस दौरान घर में घर में सात वर्षीय बेटी अनुष्का और तीन माह की एक बच्ची सो रही थी। सुबह होने पर अनुष्का ने मां को पंखे से लटका देखा। वह चीखते हुए घर से बाहर गई और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी। महिला के पति कमल को भी जानकारी दी। पुलिस ने जांच कर सुइसाइड नोट बरामद किया। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि सुइसाइड नोट में महिला ने लिखा है मैं अपनी खुद की परेशानियों से तंग आकर आत्महत्या कर रही हूं इसके लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए। दोनों बेटियों का ख्याल रखा जाए।
तीन माह की उम्र में छिन गया मां का साया
कमल और नीतू की शादी मई 2008 में हुई थी। नीतू ने तीन माह पहले एक बेटी को जन्म दिया था। आत्महत्या करने से छोटी सी उम्र में ही मासूम के सिर से मां का साया छिन गया। मासूम कभी पिता की गोद में तो कभी बहन अनुष्का उसे चुप करा रही थी। अनुष्का शहर के एक स्कूल में पढ़ाई कर रही है। पड़ोसियों की मानें तो पति और पत्नी बीच में कभी भी लड़ाई झगड़ा या मनमुटाव नहीं हुआ।
प्राथमिक जांच में आर्थिक तंगी से आत्महत्या की बात सामने आ रही है। महिला ने सुइसाइड नोट में किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया। वह खुद की परेशानी से तंग थी। मायके वालों को सूचना भेज दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।