एक महिला ने एक बुजुर्ग का अश्लील वीडियो बनाकर उससे अब तक 35 लाख रुपये ठग लिए हैं। महिला ने ये रुपये वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले हैं। अब बुजुर्ग की पत्नी की शिकायत के बाद आरोपी महिला पर ब्लैकमेलिंग की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में रहने वाली महिला (60) ने बताया कि उसके पति का ममता नाम की महिला ने एक मीटिंग के दौरान अश्लील वीडियो बना लिया था। उसके बाद से वह उनसे लगातार रुपये की मांग करती रही है। वह अब तक उनके परिवार से 35 लाख रुपये ले चुकी है।
एक महीने पहले भी उसने उनसे नौ लाख रुपये उधार मांगे थे। वह नहीं देने पर ममता ने कहा कि वह उन्हें एक मकान दिलवा दे। ऐसा जब उन्होंने नहीं किया तो पिछले दिनों ममता दो युवकों को लेकर उनके घर चली गई। जहां उसने उनसे मारपीट की।
इसकी शिकायत उन्होंने सीओ से की, जिसके बाद मामले की जांच की गई। जांच के बाद इस मामले में सीओ सेकेंड आतिश सिंह ने सिहानी गेट थाने में ममता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। शुक्रवार को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।