नगर कोतवाली क्षेत्र के वलीपुरा नहर के पास शुक्रवार शाम दुष्कर्म की शिकार युवती पर आरोपी युवक ने तेजाब फेंक दिया। गनीमत रही कि युवती के दाहिने हाथ के कपड़े पर ही छींटे पड़े। आरोपी बीते कुछ दिनों से जमानत पर बाहर है।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2015 में उसके साथ देहात कोतवाली के एक गांव निवासी युवक ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता का आरोप है कि उक्त मामले में उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
आरोपी युवक भी जमानत पर बाहर है। पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को स्कूटी पर घर से वलीपुरा नहर की ओर गई थी। इस दौरान आरोपी युवक ने बाइक से पीछा करते हुए पीड़िता के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपी ने पीड़िता पर तेजाब उड़ेल कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। नगर कोतवाल ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।