राजधानी में इन दिनों ठगी करने वाली महिलाओं का ग्रुप सक्रिय है। अगर आपके घर में तीन महिलाएं एक साथ पहुंचे और किसी न किसी बहाने रुपये देने की बात करे तो सावधान हो जाइए। क्योंकि ये खासकर घर में रहने वाली अकेली महिला को अपना शिकार बनाती है। सम्मोहन कर वह नगदी और सामान पर हाथ साफ कर फरार हो जाती हैं। इस तरह की कई शिकायतें थाने में आई हैं।
ठगी की शिकार सेक्टर-7 रोहिणी निवासी सरिता जैन ने बताया कि 21 जुलाई की शाम उनके घर पर तीन महिलाएं आईं। सभी ने बुरका पहन रखा था। उन लोगों ने बताया कि रोजे चल रहे हैं कुछ दान दे दो।
20 रुपये देने पर वह बिफर गईं और कहा कि नोट की गड्डी लाकर दो, जिस पर चावल रखकर उसे वापस कर देगी। उनके अंदर पीर बाबा आते हैं। यह कहकर महिलाएं बुरा भला कहने लगी।
डर की वजह से उसने 20 हजार रुपये का पैकेट लाकर उन्हें दे दिया। रुपये लेने के बाद महिलाओं ने कहा कि एक घंटे के बाद वह आकर उन्हें वापस कर देगी। उनके वापस नहीं आने पर ठगी का अहसास होने पर सविता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सम्मोहित करके लूटती हैं ये महिलाएं
ऐसा ही कुछ गत रविवार को कालकाजी में रहने वाली मंजू वर्मा के साथ हुआ। सुबह के समय तीन महिलाएं उनके घर पर पहुंची। मंजू के मुताबिक उन लोगों ने बताया कि वह अजमेर शरीफ पर चादर चढ़ाने के लिए जा रही हैं।
उन्हें कुछ दान दे दो। मंजू ने उन्हें दस रुपये का नोट लाकर दे दिया, लेकिन महिलाओं ने दस रुपये का नोट वापस कर दिया। उन लोगों ने कहा कि ज्यादा रकम लाकर दो। मंजू ने बताया कि उसके बाद से वह कुछ भी समझ नहीं पा रही थी।
महिलाएं जो भी कहती रही वह उन्हें देती गई। जब वह 500 का नोट लाकर महिलाओं को दे रही थी, इसी दौरान उनके बेटे का दोस्त आ गया। जिसे देखकर अचानक मंजू को होश आया। महिलाएं यह देखकर वहां से खिसक गई।
दुकानदार भी हो रहे हैं शिकार
इन महिलाओं से दिल्ली के दुकानदार भी परेशान हैं। ये जिस दुकान में घुस जाती हैं, वहां से नगदी या फिर कीमती सामान पर हाथ साफ कर ही बाहर निकलती है। इस तरह की कई सीसीटीवी फुटेज थानों में दी गई है।
इनके खिलाफ विकासपुरी थाने में मामला दर्ज है। गिरोह की महिलाओं ने गत वर्ष मई में विकासपुरी में एक बुटीक चलाने वाले को झांसा देकर करीब 45 हजार रुपये के सूट पर हाथ साफ कर दिया।
दुकानदार को सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरा माजरा समझ में आया। वहीं इस वर्ष लाजपत नगर, कटवारिया सराय, पटेल नगर सहित अन्य बड़े बाजारों में वारदात को अंजाम देकर दुकानदारों को करोड़ों का चूना लगा चुकी हैं।
राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर कर चुकी हैं आधा दर्जन वारदात
•21 जुर्लाई 2014: नार्थ रोहिणी इलाके में सम्मोहित कर महिला से ठगी
•28 सितंबर 2014: कालकाजी में भी एक महिला को बनाया शिकार
•16 जून 2014: लाजपत नगर दुकानदार को उलझाकर गल्ले से निकाले रुपये
•25 मार्च 2014: कटवारिया सराय में एक आउटलेट से उड़ाए हजारों के कपड़े
•19 मई 2013: विकासपुरी में एक बुटीक से कीमती सूट लेकर फरार