महज छह दिन पहले परिचित युवक पर विश्वास करना एक महिला को भारी पड़ा। नौकरी दिलाने के नाम पर युवक महिला को अपने घर ले गया और शराब पिलाकर उससे दुष्कर्म कर डाला। फिर उसे बदहवास हालत में दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर छोड़ कर फरार हो गया। पीड़िता ने महिला थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मूलरूप से चंडीगढ़ निवासी महिला के मुताबिक, सात साल पहले विवाद होने के बाद पति से अलग दिल्ली में रह रही है। सात साल के बेटे की परवरिश के लिए नौकरी करती है। 3 अप्रैल को उसकी एक सहेली ने सेक्टर-21 सी निवासी नरेेंद्र वशिष्ठ का पता और फोन नंबर देकर बताया था कि यह व्यक्ति नौकरी दिला सकता है।
महिला के मुताबिक, इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत होने लगी। रविवार को करीब एक बजे नरेंद्र ने महिला को फोन कर जसोला अपोलो मेट्रो स्टेशन बुलाया। यहां से नरेंद्र उसे अपनी कार में बैठा कर सेक्टर-46 स्थित घर ले गया।
यहां नरेंद्र ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसे शराब पीने को मजबूर किया। जब वह नशे में हो गई तो नरेंद्र ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और विरोध के बावजूद दुष्कर्म किया। रात करीब नौ बजे नरेंद्र वशिष्ठ उसे नशे की हालत में दिल्ली के जसोला मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ कर फरार हो गया।
रात में महिला को बदहवास हालत में देख वहां की पुलिस ने उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। एसएचओ महिला थाना इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।