डीएलएफ एरिया में एक मकान से संदिग्ध हालत में बुजुर्ग महिला की लाश मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक 64 वर्षीय विधवा महिला विंदा खुराणा डीएलएफ फेज एक जी ब्लॉक के मकान नंबर 15/9 में रहती थी।
उसके पड़ोसियों ने शुक्रवार को मकान से बहुत तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। डीएलएफ फेज थाना पुलिस ने जांच पड़ताल में मकान के अंदर महिला का शव पाया।
नहीं उठा रही थी फोन
पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हत्या की आशंका के चलते सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञों से जांच कराई गई। महिला की गुड़गांव में रहने वाली बेटी को भी बुलाया गया।
उसने पुलिस को बताया कि 64 वर्षीय विधवा महिला विंदा खुराणा अकेली ही घर पर रहती थी।
पिछले चार दिनों से वह फोन भी नहीं उठा रही थी, लेकिन परिवार के लोगों ने इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में कोई साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
तीन लोगों ने आत्महत्या की
वहीं, शहर के अलग-अलग क्षेत्र में तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सभी मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। महेंद्रगढ़ के कनीना निवासी जितेंद्र (28) कासन गांव में परचून की दुकान चलाते थे।
बीते दिन उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी तबियत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते वक्त जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद उसकी पत्नी ने आरोप लगाया है कि गांव के बूढ़ाराम, राहुल व अरुण से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। तीनों लोग उसके पति पर दबाव बना रहे थे। इसी के कारण जितेंद्र ने जहर खाकर जान दे दी।
दूसरे मामले में गांव दमदमा में अपनी बुआ के घर रहने वाले गाजियाबाद निवासी प्रदीप (24) ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। वहीं फर्रुखनगर निवासी विनोद (28) ने सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। तीनों मामलों में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।