उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद की रहने वाली एक महिला के साथ करनाल और कुरुक्षेत्र के बीच चलने वाली पैसेजर ट्रेन में गैंगरेप होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिला किसी तरह ट्रेन में बैठकर फरीदाबाद पहुंची और जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज कर कुरूक्षेत्र जांच के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर की रहने वाली 19 वर्षीय एक महिला का पति मुंबई में राजगीर का काम करता है। वह गत 18 अप्रैल को अकेले वैष्णोदवी दर्शन के लिए घर से निकली थी। वहां दर्शन करने के बाद 24 अप्रैल को चंडीगढ़ मनसा देवी दर्शन करने पहुंच गई। वहां से रात ढाई बजे किसी पैसेजर ट्रेन में बैठकर करनाल पहुंच गई। फिर करनाल से कुरुक्षेत्र जा रही पैसेजर ट्रेन में सवार हो गई।
पीड़िता के मुताबिक रात करीब साढ़े तीन बजे करनाल और कुरूक्षेत्र के बीच में बोगी में बैठे दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। जीआरपी के जांच अधिकारी पोरस कुमार का कहना है कि पीड़िता ने करनाल और कुरूक्षेत्र के बीच चलती ट्रेन में दो युवकों द्वारा गैंगरेप करने की बात बताई है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए। वह ट्रेन में बेसुध पड़ी थी। बताया जा रहा है कि कुरूक्षेत्र पलवल के बीच चलने वाली शटल में किसी तरह बैठकर दिल्ली पहुंची और एक महिला से आपबीती बताई।
महिला पीड़िता को लेकर फरीदाबाद जीआरपी पहुंची और घटना की जानकारी दी। जीआरपी थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। तत्काल जीरो एफआईआर काटकर जांच के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया गया है। पीड़िता के साथ किस ट्रेन में वारदात हुई उसकी जानकारी नहीं है।