गौड़ सिटी निवासी एक व्यक्ति ने ससुराल वालों पर पत्नी का अपहरण करने और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौड़ सिटी निवासी शांतनु आत्रै ने एसएसपी कार्यालय में दी गई शिकायत में कहा है कि उनकी दोस्ती मेरठ निवासी एक युवती से हुई थी। वर्ष 2007 में उन्होंने युवती से विवाह कर लिया। इस विवाह से उनकी पत्नी के घरवाले खुश नहीं थे लेकिन बाद में उन्होंने एक दूसरे के घर आना जाना शुरू कर दिया था।
आरोप है कि डेढ़ साल पहले ससुराल वालों ने शांतनु से 20 लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने असमर्थता जताते हुए रुपयेे देने से इंकार कर दिया।
छह माह पहले उनकी पत्नी मायके चली गई और अब तक वापस नहीं आई। उसका फोन भी स्विच ऑफ है। आरोप है कि ससुराल वाले शांतनु से 20 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इसके चलते उन्होंने एसएसपी से पत्नी को वापस बुलाने में मदद और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।