पारिवारिक विवाद में कोर्ट पहुंची महिला ने बुधवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला की हालत खराब होते देख परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को मिली, लेकिन पुलिस को देर शाम तक महिला की जानकारी नहीं मिल पाई।
पुलिस के अनुसार पलवल निवासी एक महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा है। उसने गुरुग्राम अदालत में फैमिली कोर्ट में केस दायर किया हुआ है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक महिला ने फैमिली कोर्ट के बाहर जहरीला पदार्थ निगल लिया।
इस दौरान उसकी हालत खराब होने लगी। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे वहां पर पानी पिलाकर जबरदस्ती उल्टी करवाई और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। इसकी सूचना शिवाजी नगर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शिवाजी नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल यादव का कहना है कि महिला के जहर खाने की सूचना मिली थी, लेकिन परिजन उसे कौन से अस्पताल में ले गए हैं इसकी जानकारी नहीं मिली है।
सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई है जिसमें महिला की तबीयत खराब होने की फुटेज सामने आई है, लेकिन उसके द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की फुटेज नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।