नोएडा के सेक्टर-78 की हाइड पार्क सोसायटी में नवविवाहिता दीप शिखा शर्मा (25) ने बुधवार दोपहर पंखे से लटक कर जान दे दी। आठ माह पहले एम्स के टेक्नीशियन संदीप शर्मा से उसकी शादी हुई थी। सेक्टर-49 पुलिस महिला के परिजन के आने का इंतजार कर रही है। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
क्षेत्राधिकारी तृतीय अवनीश कुमार ने बताया कि खरखौदा (हापुड़) निवासी दीपशिखा बीएड के बाद आगे की परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रही थी। वह पति और अपनी सास के साथ यहां रहती थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो महिला पंखे पर लटकी हुई थी। उस वक्त संदीप ऑफिस गया था जबकि उसकी मां दूसरे कमरे में थी।
तलाशी के दौरान कमरे से एक रजिस्टर मिला है। इसमें महिला ने पढ़ाई के नोट्स बनाए हैं। रजिस्टर को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं पड़ोसियों ने बताया कि दीपशिखा शादी से खुश नहीं थी, हालांकि इसकी सही वजह स्पष्ट नहीं है।