सदर थाना क्षेत्र के हंस एंक्लेव में दो युवकों द्वारा एक छात्र पर उनकी बहन को छेड़ने का आरोप लगाते हुए बुरी तरह से पीटा। छात्र ने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हंस एंक्लेव निवासी एक किशोर ने शिकायत में कहा कि वह दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीकॉम का छात्र है। सोमवार शाम को वह अपने घर के पास खाली प्लॉट में दोस्तों के साथ वॉलीबॉल खेल रहा था। इस दौरान नाहरपुर निवासी रोहित और गौरव आ गए। इस दौरान गौरव ने बहन को छेड़ने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि गौरव ने उसे लोहे के पंच से बुरी तरह मारा। इस दौरान रोहित ने उसकी छाती पर पत्थर से वार किया। बीच बचाव में उसकी मां आ गई जिस पर रोहित रुक गया, लेकिन गौरव उसे पत्थर से मारता रहा। किसी तरह वह उससे बच कर पड़ोस के एक घर में घुस गया। आरोप है कि इस दौरान भी वह पत्थर घर पर बरसाता रहा।
आरोप है कि जाते वक्त दोनों उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। घटना के कारण घायल हुए छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।