मधु विहार इलाके में महिला सीए (चार्टर्ड अकाउंट) ने फांसी लगाकर जान दे दी। सीए की शिनाख्त प्रेरणा अग्रवाल (35) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें प्रेरणा ने मानसिक तनाव का जिक्र करते हुए सुसाइड करने की बात लिखी है और मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रेरणा अपने परिवार के साथ यूनेस्को अपार्टमेंट, आईपी एक्सटेंशन में रहती थी। इसके परिवार में पति आशीष अग्रवाल, दो बेटियां व अन्य सदस्य हैं। आशीष के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से प्रेरणा परेशान चल रही थी।
शुक्रवार शाम को उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। आशीष ने प्रेरणा को फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घर की तलाशी लेने पर पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ।