दक्षिण दिल्ली के साउथ कैंपस स्थित मोतीबाग फ्लाईओवर पर बेलगाम मारुति ईको कार ने स्कूटी सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान मां ईको वैन में फंस गई। काफी दूर जाकर आरोपी ने वैन को रोका और फरार हो गया।
इधर, खबर मिलने के बाद मां-बेेटी को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां मां रणजीत कौर (50) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बेटी नवनीत कौर की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वैन कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को कार से एक मोबाइल फोन मिला है, जिससेपुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक रणजीत परिवार के साथ पश्चिम दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में रहती थी। इसके परिवार में पति अवतार सिंह व बेटी नवनीत कौर है। अवतार का अपना कारोबार है। रणजीत की मां दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में रहती है।
शनिवार शाम को उनके यहां पूजा का कोई कार्यक्रम था। रणजीत बेटी नवनीत के साथ स्कूटी से मां के घर आई थी। पूजा के बाद रात को लौटते समय जैसे ही इनकी स्कूटी मोतीबाग फ्लाईओवर पर पहुंची, अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार मारुति ईको वैन ने इनको टक्कर मार दी।
हादसे में रणजीत वैन में फंस गई। बावजूद इसके चालक ने वैन नहीं रोकी। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी वैन रोककर मौके से फरार हो गया। मौके पहुंची पुलिस ने रणजीत व नवनीत को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने रणजीत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया है।