नोएडा के हरौला में हुई एक हत्या के मामले में मां ने बड़े बेटे पर छोटे बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। मामला 14 मई का है, जब एक घर के बेसमेंट में एक युवक की लाश मिली थी।
पुलिस ने इस मामले में बिहार के एक युवक रामायण को गिरफ्तार किया है। उधर, मृतक की मां और बहन का कहना है कि मोबाइल को लेकर हुए विवाद का बदला लेने के लिए भाई ने भाई की जान ले ली।
बड़े बेटे का साला भी शामिल है साजिश में
नोएडा में शनिवार को सेक्टर -20 थाने पहुंची मतिया देवी ने बताया कि उनका छोटा बेटा प्रदीप (30) 12 मई की शाम गायब हो गया था। इसी दिन सुबह उनके बड़े बेटे मनोज और प्रदीप में मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ था।
इस विवाद में मनोज का साला पुरुषोत्तम भी शामिल था। मां ने बताया कि छोटे बेटे के गायब होने और बेसमेंट में लाश मिलने की खबर बड़े बेटे मनोज ने ही दी थी।
बहन रेखा का कहना है कि शव का सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला था और उसे बेसमेंट तक खींचकर लाना भी अकेले व्यक्ति का काम नहीं है।
मां ने कहा पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
मां-बेटी ने बड़े भाई मनोज और उसके साले पुरुषोत्तम पर छोटे भाई प्रदीप की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोबाइल को लेकर हुई लड़ाई का बदला लेने के लिए हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के कुछ ही दिन बाद बड़ा बेटा और उसका साला परिवार सहित गांव चला गया है और वापस नहीं आ रहा है।
मां का कहना है कि वह कई दिनों से पुलिस से शिकायत कर रही हैं, लेकिन इस मामले में आगे को कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में बिहार के एक युवक रामायण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस केस के डेवलपमेंट के बारे में में सीओ प्रथम, शिवराम यादव ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए रामायण ने शराब के नशे में अकेले में हत्या करना स्वीकार किया था। अब मां और बहन की ओर से शिकायत दी जा रही है तो इसकी जांच की जाएगी। साक्ष्य पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।