दक्षिण-पश्चिम जिले के बाबा हरिदास नगर इलाके में एक व्यक्ति ने भाभी को गालियां देने पर पड़ोसी शख्स की फावड़े से वार करके हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त बलवान सिंह (48) के रूप में हुई।
हत्या करने के बाद आरोपी शव को कार में डालकर हरियाणा के बहादुरगढ़ ले गया, लेकिन पुलिस जांच में वह पकड़ा गया। आरोपी की पहचान रमेश उर्फ पपले (38) के रूप में हुई है।
रमेश बाबा हरिदास नगर थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बलवान सिंह परिवार के साथ झड़ौदा कलां गांव में रहता था। इसी के पड़ोस में आरोपी रमेश भी रहता है। अक्सर रमेश और बलवान के बीच किसी न किसी बात पर तू-तू मैं-मैं होती रहती थी।
रास्ते मेंचेकिंग के दौरान पकड़ा
पुलिस
- फोटो : file photo
आरोप है कि पांच दिन पहले बलवान ने रमेश की भाभी को कुछ अपशब्द कह दिए थे। इस बात से रमेश खफा था। मंगलवार रात को कुछ बात करने के बहाने रमेश बलवान को खेत में ले गया, वहां फावड़े से वार करके उसकी हत्या कर दी।
आरोपी शव को कार में डालकर बहादुरगढ़ (हरियाणा) ले गया, वहां सदर थानाक्षेत्र में हरियाणा पुलिस की चेकिंग के दौरान वह पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करने की वजह का खुलासा किया। सदर थाना पुलिस ने शव समेत आरोपी को पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
इधर, बलवान के गायब होने पर उसके बड़े भाई अजीत सिंह ने बाबा हरिदास नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसे गायब करने के लिए रमेश पर शक जताया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।