निजामुद्दीन थाना पुलिस ने वाहन चोरों के ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो दिल्ली-एनसीआर व यूपी से वाहन चुराकर उन्हें उन्हें होडल, हरियाणा स्थित एक गोदाम में ले जाता था और वहां उसके पार्ट्स अलग कर बेच देता था।
आरोपी वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों ने एक ऐसी कार चोरी कर ली थी जिसमें जीपीएस लगा हुआ था। जीपीएस के जरिए ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, बी-ब्लॉक, जंगपुरा, हजरत निजामुद्दीन से एक सैंट्रो कार 17 अक्तूबर को चोरी हुई थी। कार में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था। इससे वाहन की आखिरी लोकेशन होडल, हरियाणा में मिली। मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह व एसआई भारत सिंह की विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस टीम जीपीएस के जरिए होडल स्थित एक गोदाम में पहुंची और यहां पुलिस ने चोरी के वाहनों को काटते हुए पांच आरोपी मोहल्ला निकासा, कोसी कलां मथुरा, यूपी निवासी रहीस, मोहल्ला गुरुसगंज, कोसीकलां मथुरा, यूपी निवासी अकरम, मोहल्ला इंद्रिरागंज, कोसीकलां निवासी काले, इमरान और मोहल्ला गुरुसगंज, कोसीकलां, मथुरा निवासी ताहिर को गिरफ्तार कर लिया।
रहीस गोदाम मालिक है। अकरम वाहन चोर है और काले, चोरी के वाहनों को काटता था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये चोरी के वाहनों के पार्ट्स अलग कर देते थे और फिर अलग-अलग बाजारों व ग्राहकों को बेच देते थे।
पुलिस ने अकरम की निशानदेही पर ओल्ड जीटी रोड, कोसी कलां मथुरा से चोरी की कई कारें बरामद की हैं। गोदाम से छह ऑक्सीजन सिलेंडर, दो सीएनजी सिलेंडर, दो गैस कटर, एक एलपीजी सिलेंडर, तीन वाहनों के पार्ट्स, मारुति कार का एक इंजन आदि बरामद किया है।