संगम विहार थाना पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर को गिरफ्तार किया है जो बच्चों को बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाने के लिए वाहन चोर बन गया। उसके तीन बच्चे बोर्डिंग व एक बच्चा केन्द्रीय विद्यालय में पढ़ता है।
आरोपी अकेले ही वाहन चोरी करता था और चोरी की बाइक को वह ऐसी जगह पार्क करता था जहां किसी को संदेह नहीं होता था। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद की हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार संगम विहार व आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए अंबेडकर नगर एसीपी राजकुमार खटाना व संगम विहार थानाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह की देखरेख में एसआई रोहित व एएसआई लियाकत अली की विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने सूचना के बाद रतिया मार्ग पर चेकिंग पिकेट लगाकर आरोपी इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया। संगम विहार में परिवार के साथ रह रहा था इमरान खान मूलरूप से बुलंदशहर, यूपी का रहने वाला है।
ये डुप्लीकेट चाबी से कुछ ही मिनटों में बाइक को चुरा लेता था। इसके बाद वह बाइक के पार्ट्स अलग कर उन्हें बेच देता था। पार्ट टाइम प्लंबर का काम करने वाले इमरान ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। उसके तीन बच्चे बोर्डिंग स्कूल और एक केन्द्रीय विद्यालय में पढ़ता है।
वह बच्चों की फीस भरने और अपनी अच्छी लाइफ जीने के लिए वाहन चोरी करने लगा। बाइक चुराने के बाद वह अस्पताल, मेट्रो आदि की पार्किंग में खड़ी कर देता था।