दिलशाद कालोनी इलाके में एक इंजीनियरिंग के प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान करण चौधरी(19) के रूप में हुई है। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जतायी है।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप कर मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस के अनुसार करण परिवार के साथ दिलशाद कालोनी एफ ब्लॉक में रहता था। परिवार में पिता संजय चौधरी मां सरिता और एक बड़ा भाई है।
पिता सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट में कार्यरत है। वहीं मां इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। उसका बड़ा भाई देहरादून में पढ़ाई कर रहा है। परिवार वालों के मुताबिक शुक्रवार को दंपति अपने कार्यालय चले गये। घर में करण अकेला था। करीब 11 बजे सरिता ने करण को फोन किया।
करण ने बताया कि वह ट्यूशन जाने के लिए निकल रहा है। शाम को सरिता घर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो सरिता ने अपने पति को घटना की जानकारी दी।
पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा तोड़कर अंदर गये तो करण रस्सी के सहारे जाली से लटका हुआ था। संजय के मुताबिक कमरे के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। करण के कपड़े फटे हुए थे। इसके साथ ही बालकनी का गेट खुला था।
आशंका है कि उसके साथ मारपीट की गयी और फिर उसे फंदा पर लटकाया गया है। हालांकि पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद इसे खुदकुशी बता रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।