पुलिस ने बुधवार सुबह राज चौराहे पर मुठभेड़ के बाद दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे गाजियाबाद से चुराई गई फौजी की एक बाइक समेत पांच अन्य बाइकें बरामद की हैं। गिरफ्तार सरगना विभिन्न थानों में करीब दर्जनभर चोरी के मामलों में वांछित है।
थाना प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया बुधवार सुबह वायरलेस से सूचना फ्लैश हुई कि गाजियाबाद कविनगर थाने से एक फौजी की बाइक चोरी हो गई है। इस पर पुलिस ने राज चौराहे पर नाकेबंदी शुरू कर दी।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक बाइक पर सवार दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चोरों पुलिस पर फायर झोंक दिया। मगर पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। दोनों के पास बाइक के कागजात नहीं थे।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह बाइक उन्होंने गाजियाबाद के कविनगर थाने से चोरी की है। बदमाशों ने अपने नाम फफराना बस्ती निवासी राकेश व मेरठ के थाना टीपीनगर की इंद्राकालोनी निवासी रवि बताया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हापुड़ रोड स्थित बंद पड़े एक पेट्रोल पंप के पीछे जंगल से एक स्कूटर व पांच अन्य बाइकें बरामद की है। बदमाशों ने बताया कि वे चोरी की बाइकें मेरठ के सोतीगंज ले जाकर कटवा देते थे। पुलिस ने बताया कि राकेश गिरोह का सरगना है।