बिसरख कोतवाली क्षेत्र के रौजा-जलालपुर के जंगल में यूफ्लैक्स कंपनी के कर्मचारी की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस वारदात को हादसा मान रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज करने पर फैसला लेने की बात कह रही है।
पुलिस के मुताबिक, एटा के शेखपुरा निवासी महावीर सिंह (45) पुत्र भरत सिंह गाजियाबाद के गोविंदपुरम में रहता था और नोएडा सेक्टर-62 स्थित यूफ्लैक्स कंपनी में काम करता था।
बुधवार तड़के भट्टे पर काम करने वाले श्रमिक उस रोड से गुजरे तो एक बाइक व व्यक्ति का शव खेत में पड़ा देखा। सूचना पर बसरख पुलिस ने जांच पड़ताल की। इसमें व्यक्ति के सिर में गहरी चोट मिली।
जेब में मिले कागजों से उसकी पहचान हो गई। पुलिस का कहना है महावीर इधर से ही घर जाते थे। घटना सुबह की है। हादसा किस हुआ, इसकी जांच चल रही है।
उधर, आसपास के लोगों को जब पता चला कि वह गाजियाबाद का रहने वाला है तो वे चौंक गए। उनका कहना है कि यूफ्लैक्स कंपनी का कर्मचारी इस रास्ते को क्यों चुनेगा। यह रास्ता उसके घर के विपरीत जाने वाला है। लोगों का कहना है कि उसे बहाने से इधर लाकर हत्या की गई है।