तेज रफ्तार वाहनों ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। टक्कर लगने के बाद दोनों युवकों के लोकल हेलमेट चकनाचूर हो गए और सिर सड़क पर टकराने से उनकी मौत हो गई। दुर्घटनाएं अलग अलग समय पर हिंडन पुल और लालकुआं के पास हुईं।
हिंडन पुल के पास बने यू टर्न पर दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार दीपक सैनी (21) को अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वह इकलौता था और सीए के पास काम करता था। सिहानी गेट एसओ मनोज यादव ने बताया कि दीपक वृंदावन नगर जैन मंदिर साहिबाबाद का रहने वाला था। वह बाइक पर साहिबाबाद की ओर से गाजियाबाद आ रहा था।
दीपक ने लोकल हेलमेट पहना था, परंतु टक्कर इतनी जबरदस्त थी की हेलमेट के कई टुकड़े हो गए। आरोपी चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। दूसरी दुर्घटना शहर कोतवाली के लालकुआं क्षेत्र की है।
ट्रक चालक ने ओवरटेक करने की फिराक में बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हेलमेट लोकल होने के कारण टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने पर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। कोतवाल ने बताया कि मृतक की पहचान कविनगर के ब्लाक निवासी अनमोल गर्ग (31) हुई है।