पिंजौर/परवाणू। शिमला-कालका राजमार्ग पर एक्सप्रेस-वे लाइट चौक (टिंबर ट्रेल के पास) के नजदीक एक बाइक अनियंत्रित होकर रिटेनिंग वॉल के साथ पड़े सीमेंट के बड़े पत्थर से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार दो छात्र उछलकर करीब 22 फुट नीचे सड़क पर जा गिरे और उनकी मौत हो गई।
वहीं, उनका तीसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
यह हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे की है। अस्पताल में उपचाराधीन पिंजौर निवासी हितेश कुमार (18) पुत्र रूपचंद ने बताया कि वह अपने दो दोस्त आशीष मलिक और विक्रांत भट्टी के साथ पिंजौर-परवाणू बाईपास से टिंबर ट्रेल की ओर जा रहे थे।
सिग्नल लाइट से यू टर्न लेकर पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कालका की ओर आने लगे। इस दौरान टिंबर ट्रेल से करीब दो सौ मीटर कालका की ओर आने पर बाइक असंतुलित होकर रिटेनिंग वॉल के साथ पड़े सीमेंट के बड़े पत्थर से टकरा गई।
इससे ड्राइविंग कर रहे आशीष और उसके पीछे बैठे विक्रांत भट्टी उछलकर करीब 22 फुट नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर जा गिरे।
इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आशीष बद्दी कालेज में बीकॉम प्रोफेशनल सेकेंड सेमेस्टर और विक्रांत 12वीं का छात्र था। वहीं, हितेश पिंजौर में फोटोग्राफी का काम सीख रहा है।