फरीदाबाद के थाना मुजेसर क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने मामला दर्ज कराया है। वहीं एक अन्य मामले में थाना ओल्ड फरीदाबाद में 5 वर्षीय बच्चा पिछले दस दिनों से घर से लापता है।
पुलिस के मुताबिक 23 जुलाई को संजय कॉलोनी निवासी महावीर ने थाना मुजेसर में दी शिकायत में बताया कि 22 जुलाई को उसकी 15 वर्षीय लड़की और पड़ोसी कालीचरण की 14 वर्षीय लड़की घर से बाहर गईं थीं। लेकिन उसके बाद दोनों लौट कर नहीं आईं।
परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं लगा। परिजनों का आरोप है कि उनकी लड़कियों का किसी ने अपहरण कर लिया है।
वहीं एक अन्य मामले में घर के बाहर खेल रहे पांच साल के लड़के के गायब होने का मामला सामने आया है।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी जगदीश ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में 23 जुलाई को दी शिकायत में बताया कि उसका पांच वर्षीय बेटा विपिन 13 जुलाई की शाम को करीब 5 बजे घर के बाहर खेल रहा था। लेकिन उस दिन 7 बजे तक वापस नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है।