करीब 20 दिन पूर्व मथुरा से लौट रहे परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट व अपहरण करने के मामले में हारुन गैंग का हाथ था। इसका खुलासा पुलिस ने किया है। इस मामले में पुलिस ने इस गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है, जबकि गैंग के सरगना व अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बता दें कि सेक्टर-4 अर्बन स्टेट निवासी अजय 25 सितंबर को अपने परिवार के साथ गाड़ी में सवार होकर वृंदावन से गुड़गांव लौट रहे थे। रात लगभग 11:30 बजे पलवल-सोहना रोड पर बुलेरो गाड़ी में सवार 7-8 बदमाशों ने हथियार के बल पर इनका अपहरण कर इन्हें मेवात के गांव टुंडलाका में बंधक बनाकर रखा था।
मामले की खबर पुलिस को लगने के साथ ही अगले दिन इन सभी बंधकों को मेवात में ही एक जगह ले जाकर छोड़ दिया गया था। इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत थाना सोहना में केस दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा यूनिट-9 सेक्टर-31 के प्रभारी राजकुमार की टीम ने शुक्रवार शाम राजीव चौक से नाकाबंदी के दौरान मेवात के गांव टुंडालाका निवासी जहुल को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में शामिल एक अन्य बदमाश मेवात के गांव तिरवाड़ा निवासी तोहीद को अवैध हथियार सहित पिछले सप्ताह थाना रोजका मेव में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इनके गैंग का सरगना यूपी के जिला मथुरा के गांव बिसंबरा निवासी हारून है।
वह हत्या, लूट, अपहरण व अन्य संगीन वारदातों में शामिल रहा है। उसी के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल रहे अन्य बदमाशों व गिरोह के सरगना का पता चल चुका है, जिन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ जारी है।