बुजुर्ग दंपति के घर डकैती की वारदात के बारह घंटों के भीतर ही हथियार बंद बदमाशों ने अशोका एंक्लेव पार्ट एक निवासी महेंद्र सिंह के घर में घुस कर लूटपाट की। बदमाशों ने इससे पहले प्रथम तल पर स्थित एक बंद घर को भी निशाना बनाया।
इस घर से कितना सामान गया मालिक के नहीं होने से इसका अनुमान नहीं लगाया जा सका है। बदमाशों की पहचान के लिए मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने उंगलियों के निशान लिए लेकिन वारदात को अंजाम देने वालों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
अशोका एंक्लेव पार्ट एक निवासी महेंद्र के मुताबिक मंगलवार को उनकी मां एक रिश्तेदार के यहां विवाह में और पत्नी मायके गई हुई थी। वह घर पर अकेले थे। रात करीब ढाई बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुस आए। उनके हाथ में तलवार और चाकू थे।
कुछ बोलने पर काट कर फेंकने की धमकी देते हुए बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और मुंह, हाथ-पैर बांध कर जमीन पर पटक दिया। बदमाशों ने पूरे घर की अलमारी और बक्से खंगाले। करीब साठ हजार रुपये, लैपटॉप, एलईडीटीवी, जेवर आदि निकाल ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह खुद को आजाद कर उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। चोर महेंद्र के घर में पड़ोसी की दीवार की रेलिंग काट कर अंदर घुसे थे। इससे पहले चोरों ने महेंद्र सिंह की इमारत में पहली मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर वहां भी चोरी की।
बंद पड़े इस फ्लैट से चोर क्या ले गए मालिक के नहीं होने की वजह से इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक मकान मालिक का कहना है कि घर मेें कुछ भी कीमती सामान नहीं रखा था। एसएचओ सराय ख्वाजा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
बताते चलें कि मंगलवार को ही पांच-छह हथियारबंद बदमाशों ने अशोका विहार पार्ट दो निवासी बुजुर्ग दंपति कुलदीप किशोर को घर में घुस कर दिनदहाड़े बंधक बना कर लूटपाट की थी। बुजुर्ग दंपति ने थाने में 12 तोले सोने के जेवर और 33 हजार रुपये लूटने का केस दर्ज कराया है, हालांकि लोगों का मानना है कि लूटी गई वास्तविक संपत्ति इससे कई गुना ज्यादा है। एसएचओ इंस्पेक्टर अनिल कुमार के मुताबिक कुछ बदमाशों को गुरुग्राम पुलिस ने पकड़ा है। संभवत: इनमें डकैती के आरोपी भी हो सकते हैं।