फरीदाबाद के थाना सूरजकुंड के अंतर्गत गुरुकुल इलाके में बनी कृत्रिम झील में डूबकर दो युवकों की मौत हो गई। दोनों दिल्ली के संगम विहार के रहने वाले थे और यहां घूमने आए थे। दोनों युवक झील में नहाने उतरे थे। युवकों के डूबने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को निकालकर बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। इस दौरान वहां पड़े उनके कपड़ों में मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन से युवकों के परिजनों को सूचित किया गया।
सूचना मिलने पर कुछ ही देर में युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थाना सूरजकुंड प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि देर शाम झील में से दोनों युवकों के शवों को ढूंढ निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।