अलग-अलग जगहों पर एक नवविवाहिता समेत दो लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पहली घटना विजय विहार स्थित बुध विहार इलाके की है। यहां शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी।
उसकी शिनाख्त मधु (23) के रूप में हुई है। वह मूलत: मैनपुरी उत्तरप्रदेश की रहने वाली थी। 9 माह पहले उसकी शादी मधु विहार निवासी राहुल से हुई थी। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह मधु तीसरी मंजिल पर बने टीन शेड के कमरे में फंदे से लटकी मिली थी।
जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि रात में मधु भूतल में अपने कमरे में पति के साथ सो रही थी। लेकिन वह कब उठकर ऊपर चली गई इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हुई। सुबह में मधु के ससुर ऊपर की मंजिल पर बने बाथरूम में गए तब उन्हें इस बात की जानकारी हुई।
उधर मधु के मैके वालोें ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। दूसरा मामला बवाना इलाके का है। यहां रणवीर (40) सपरिवार कृष्णा कॉलोनी में रहता था। शुक्रवार दोपहर उसकी पत्नी बच्चों को स्कूल से लाने गई थी। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी के घर आने पर घटना का खुलासा हुआ।
परिवार वालों का कहना है कि रणवीर कुछ दिन से किसी बात को लेकर परेशान था। लेकिन उसने परिवार के किसी भी सदस्य को इस बारे में कुछ नहीं बताया था। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन कर खुदकुशी के कारणों का खुलासा करने में जुटी है।