मंगोलपुरी में घर के बाहर शराब पीने से मना करने पर तीन युवकों ने दो भाइयों पर चाकू और बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया। दोनों भाइयों को जख्मी हालत में संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया।
मरने वाले की शिनाख्त तरुण (26) के रूप में हुई है। उधर, घटना से गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार रात जमकर हंगामा किया और डीटीसी बस पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। पुलिस उपायुक्त एमएन तिवारी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तरुण मंगोलपुरी के जे-ब्लॉक में रहता था। परिवार में माता-पिता के अलावा छोटा भाई दुर्गेश है। उसके पिता राजपाल मकान के भूतल पर टॉफी-चॉकलेट की दुकान चलाते हैं। तरुण एसी मैकेनिक था। वहीं दुर्गेेश डीटीसी में इलेक्ट्रीशियन है।
murder in delhi
- फोटो : अमर उजाला
बृहस्पतिवार रात तरुण के मकान के सामने तीन युवक शराब पी रहे थे। तरुण के पिता ने उन्हें घर के सामने से जाने के लिए कहा। इस बात से गुस्साए तीनों युवक उनके साथ बदसलूकी करने लगे।
शोर शराबा सुनकर तरुण और दुर्गेश बाहर निकले। उन लोगों ने युवकों का विरोध किया। इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। झगड़ा बढ़ने पर युवकों ने दोनों भाइयों पर चाकू और बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया। परिजनों ने दोनों को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया।
दुर्गेश के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि हमलावर पास के ही रहने वाले हैं। दुर्गेश ने पुलिस को आरोपियों का नाम अजय बिहारी, मोनू और साहिल बताया।
पुलिस ने दबिश देकर साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि साहिल को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लेकर फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
‘पुलिस की शह पर चल रहा नशे का कारोबार’
murder in delhi
- फोटो : अमर उजाला
घटना के बाद लोगों का हुजूम जे-ब्लॉक में पहुंच गया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर इलाके में नशे का कारोबार चल रहा है। रात ढलते ही इलाके में शराबियों और नशेड़ी सक्रिय हो जाते हैं।
आक्रोशित लोग घटना के विरोध में सड़क पर बैठ गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नवंबर में तरुण की होनी थी शादी
दो महीने बाद जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां तरुण की मौत के बाद मातम पसर गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों ने बताया कि तरुण की नवंबर में शादी होनी थी। दो माह पहले ही उसकी सगाई हुई थी।