प्रशांत विहार इलाके में तीन बदमाशों ने मर्चेंट नेवी में काम करने वाले युवक और उसके दो भाइयों को पिस्टल के बल पर बंधक बनाकर हुंडई क्रेटा कार लूट ली। बदमाश तीनों भाईयों से मोबाइल फोन और हजारों रुपये व अन्य सामान लेकर फरार हो गये।
घटना के समय तीनों भाई फिल्म देखकर घर लौट रहे थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नवीन कुमार(26) परिजनों के साथ रोहिणी सेक्टर नौ इलाके में रहता है।
वह मर्चेंट नेवी में काम करता है और छुट्टी पर घर आया हुआ है। सोमवार रात वह अपनी हुंडई क्रेटा कार से अपनी बुआ के बेटे अश्वनी और चचेरे भाई राहुल के साथ रोहिणी सेक्टर 11 स्थित जी3एस मॉल में बाहुबली फिल्म देखने गया था।
फिल्म देखने के बाद तीनों देर रात घर लौट रहे थे। कार को नवीन चला रहा था। साढ़े बारह बजे रात जापानी पार्क के पास तीन युवक अचानक उनकी कार के सामने आ गए। एक्सीडेंट न हो इसके लिए नवीन ने तुरंत ब्रेक लगाकर कार को रोक दी।