सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर दो ऑटो चालकों से हुई लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई सफेद अपाचे बाइक बरामद कर ली है। आरोपी दिन में प्रेस में पैकिंग का काम करते थे और रात को काम खत्म होने के बाद लूटपाट करते थे।
सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मनीष सक्सेना की टीम भट्टा गोल चक्कर से रविवार रात तीन लुटेरों को पकड़ा था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुमित भाटी, राजन शर्मा दोनों निवासी कैलाशपुरी, सूरजपुर और प्रमोद जाटव निवासी दादरी के रूप में हुई है।
तीनों आरोपी एक अंग्रेजी अखबार की प्रेस में दिन में पैकिंग का काम करते थे और रात में काम खत्म होने के बाद लूटपाट करते थे। तीनों ने मिलकर 30 जून की रात में दो ऑटो चालकों से लूट कर 4000 रुपये और मोबाइल लूटा था।