शातिर अनिल दुजाना का नेटवर्क जेल से चल रहा है। शातिर के इशारे पर उसके गुर्गे व्यापारी व कारोबारियों से रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने दनकौर के एक व्यापारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दुजाना के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने अनिल दुजाना के कहने पर रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुजाना का नेटवर्क किस तरह चल रहा है।
शातिर अनिल दुजाना बांदा जेल में बंद है। इसके बावजूद उसके नाम से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। एसपी देहात अभिषेक यादव ने प्रेसवार्ता कर बताया कि एंटी एक्सटोर्सन सेल प्रभारी अजय कुमार शर्मा की टीम ने गांव दुजाना निवासी सुनील पुत्र अतर सिंह और शीलू पुत्र शैली उर्फ शैलेष पुत्र बिजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।
दोनों शातिर अनिल दुजाना के गुर्गे हैं। दोनों शातिर दनकौर के एक बड़े व्यापारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। रंगदारी न देने पर आरोपी व्यापारी की 20 बीघा भूमि कब्जाने की कोशिश में जुट गए थे। आरोपियों ने उसकी भूमि पर कब्जे के लिए ईंट डलवा दी थीं।
कैसे चला रहा शातिर नेटवर्क?
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अनिल दुजाना के निर्देश पर रंगदारी मांगते हैं। अब सवाल यह उठता है कि अनिल दुजाना जेल से अपने गुर्गों से संपर्क कैसे करता है। जेल में मुलाकात करने आने के दौरान व गुर्गों को निर्देश देता है या फिर जेल में मोबाइल से वह नेटवर्क चला रहा है?
एसपी देहात का कहना है कि इस संबंध में पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अनिल दुजाना, मनोज गुर्जर मसूरी गाजियाबाद, बिल्लू बादलपुर और बलवीर गुर्जर निवासी दुजाना के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।