नरेला के भोरगढ़ में एटीएम तोड़ने का प्रयास कर रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के पास एक स्विफ्ट कार और मशीन तोड़ने वाले औजार मिले हैं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान जटखोर गांव निवासी प्रवीण (30), मोहित (21) और नरेश (25) के रूप में हुई।
जिला पुलिस उपायुक्त रजनीश गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात नरेला के भोरगढ़ गांव में तीन युवक आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को तोड़ रहे थे। गश्त के दौरान युवकों को देखकर पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दो आरोपी स्विफ्ट कार पर सवार होकर फरार हो गए।
जबकि पुलिस ने प्रवीण को मौके पर दबोच लिया। पीसीआर ने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने प्रवीण से भागे बदमाश की पहचान करवाकर उनकी तलाश शुरू की। फरार बदमाशों मोहित और नरेश को घोगा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो
लूटपाट करने वाले दो गिरफ्तार
गर्लफ्रेंड के साथ मौजमस्ती के लिए लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को विजय विहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वाहन तलाशी के दौरान बाइक पर सवार बदमाशों को पुलिस ने पीछा कर दबोचा।
बदमाशों की पहचान बेगमपुर निवासी अमित और रंजीत उर्फ गोल्डी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के सामान को बेचकर गर्लफ्रेंड को महंगे गिफ्ट देते थे। ब्यूरो