शनिवार रात चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने मंडोला गोठरा मार्ग पर राहगीरों के साथ दो घंटे तक जमकर लूटपाट की। मार्ग को रस्सा बांधकर अवरुद्ध करने के बाद बदमाशों ने पांच राहगीरों को निशाना बनाया।
हजारों की नगदी, सोने की चेन, दो बाइक एवं मोबाइल लूटने के बाद बदमाशों ने राहगीरों को उन्हीं के कपड़ों से मुंह एवं हाथ बांधकर ट्यूबवेल के पास डाल दिया। बाद में बदमाश अपनी बाइक मौके पर छोड़कर लूटी गई दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। पीडितों की शिकायत पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शनिवार रात 9.30 बजे चार बदमाशों ने मंडोला गोठरा मार्ग को मंगू त्यागी के ट्यूबवेल के पास पेड़ एवं खंभे से रस्सा बांधकर अवरुद्ध कर दिया। सबसे पहले वहां गोठरा बागपत निवासी मेहरबान पुत्र मंगलू बाइक पर पहुंचा और रस्से में उलझकर गिर पड़ा।
बदमाशों ने उससे 15 सौ रुपये की नगदी, मोबाइल तथा बाइक लूट ली। इसके कुछ देर बाद वहां गोठरा का ही असितपाल पुत्र पहुंचा। उससे 27 सौ रुपये की नगदी एवं मोबाइल लूटने के बाद उसे बांधकर मेहरबान के पास डाल दिया।
इसके बाद वहां नगला बागपत गांव निवासी राहुल एवं मनोज पहुंचे। उनसे बदमाशों ने तीन हजार की नगदी, मोबाइल तथा इलेक्ट्रिक सामान से भरा बैग लूट। रात में 10.30 बजे वहां गोठरा का सुंदर सिंह पुत्र गजराज पहुंचा।
जैसे ही वह रस्सा देखकर रुका बदमाशों ने उसे घेर लिया तथा तमंचे की नोक पर छह हजार की नगदी, सोने की चेन एवं बाइक लूट ली। पुस्ता चौकी इंचार्ज संजीव शुक्ला का कहना है कि बदमाशों की सुरागकसी का प्रयास किया जा रहा है।