नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कोहरे में सेक्टर-126 के पास एक टैंकर ने कैब को टक्कर मारते हुए तीन लोगों को कुचला और पलट गया। हादसे में तीनों की मौत हो गई। वहीं, कैब में बैठी महिला व चालक और टैंकर चालक घायल हो गए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, हादसे के बाद कैब चालक फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि मूलरूप से बिहार के भागलपुर (दयालपुर) निवासी केसरी प्रसाद (67) रिटायर्ड इंजीनियर थे। वे ग्रेटर नोएडा की एनआरआई सिटी के सी-569 में पत्नी बीना और रिश्तेदार कुमार कुश के साथ रहते थे।
केसरी प्रसाद के दो बेटे हैं और दोनों इंजीनियर हैं। एक चेन्नई में और दूसरा विदेश में है। केसरी प्रसाद अपना एक पीजी भी चलाते थे। उसकी देखरेख के लिए गाजियाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के भंडोला गांव निवासी मनोज त्यागी (38) को बतौर मैनेजर रखा हुआ था।
केसरी प्रसाद को बृहस्पतिवार को पत्नी बीना के साथ भागलपुर जाना था। दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए उन्होंने रात करीब नौ बजे कैब बुक कराई। पीजी मैनेजर मनोज और पीजी में रहने वाले बिहार में नालंदा के हिलसा निवासी छात्र गौरव कुमार (23) ने कहा कि कोहरा अधिक है, इसलिए वे भी उन्हें छोड़ने दिल्ली चलेंगे।
सभी लोग कैब में सवार होकर ग्रेटर नोएडा से वाया एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सेक्टर-126 के पास कैब खराब हो गई। सड़क किनारे कैब खड़ी करके केसरी प्रसाद, मनोज और गौरव दूसरी कैब बुक करनेे के लिए सड़क किनारे खडे़ होकर बात करने लगे। कैब चालक और बीना कार में ही बैठे रहे।
तभी कोहरे में तेजी से एक टैंकर आया और कैब को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों को कुचल दिया। इसके बाद टैंकर भी पलट गया, जिससे केसरी प्रसाद टैंकर के नीचे आ गए और मौके पर ही मौत हो गई।
मनोज, गौरव, बीना और कैब चालक घायल हो गए। एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां मनोज और गौरव को मृत घोषित कर दिया गया। चालक कैब छोड़कर फरार हो गया। बीना को शुक्रवार शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बीना के रिश्तेदार कुमार कुश ने टैंकर चालक अलीगढ़ टप्पल के वाजिदपुर निवासी मनवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि आरोपी चालक भी घायल और अस्पताल में भर्ती है।