मुखर्जी नगर इलाके में नौकरानी से मारपीट और दरिंदगी का मामला सामने आया है। जख्मी हालत में 24 साल की नौकरानी को प्लेसमेंट एजेंसी चलाने वाले लोगों ने आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में मालिक और प्लेसमेंट एजेंसी के दो को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता ने इन लोगों पर मारपीट करने व सैलरी हड़पने के आरोप लगाए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डुंबरे बताया कि शालू (24)(बदला हुआ नाम) काम की तलाश में पश्चिम बंगाल से दिल्ली आई थी।
यहां आने के बाद उसने कई जगह घरेलू नौकरानी के रूप में काम किया। जून माह में वह शादीपुर की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिये मुखर्जी नगर में अतुल लोहिया (32) के घर पर काम के लिए आ गई। अतुल ने उसे पांच हजार रुपये, खाना और रहने की जगह देने की बात की।