दिल्ली के कोतवाली इलाके में कनाडा भेजने के नाम पर दर्जन भर युवकों से लाखों रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है। सुमित उर्फ विक्की नामक आरोपी ने पासपोर्ट पर नकली वीजा लगवाकर कुशीनगर, यूपी के दर्जन भर युवकों को चूना लगा दिया। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
छानबीन के बाद पुलिस ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस सुमित का सीडीआर निकलवाकर उसका पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित गांव नौगावा, जिला कुशीनगर निवासी मीर हसन एमएस अली रोड, मुंबई में एक टूर एंड ट्रैवल कंपनी में नौकरी करता है। पिछले काफी समय सुमित उर्फ विक्की नामक आरोपी इसकी कंपनी में काम के सिलसिले में आता रहता था।
इसी वजह से सुमित व मीर की पहचान हो गई। सितंबर 2016 में सुमित ने मीर से कहा कि कब तक यहां छोटी-मोटी नौकरी करोगे। अगर उसके पास पासपोर्ट है तो वह उसकी कनाडा में नौकरी लगवा देगा। वहां उसे ढाई से तीन लाख रुपये महीना मिलेंगे।
मीर उसके झांसे में आ गया। उसने कहा कि वह कुछ अन्य लोगों की भी कनाडा में नौकरी लगवा देगा। मीर ने अपने गांव के कुछ युवकों यह बात बताई। इधर, सुमित के कहने पर मीर अपने एक दोस्त सोनू चौधरी को लेकर दिल्ली आ गया।
सुमित ने उनसे कहा कि हर लडक़े को विदेश भेजने के लिए 21 लाख रुपये लगेंगे। उसमें सात लाख यही देना होंगे, जबकि बाकी के रुपये विदेश जाने पर उनकी सैलरी से कट जाएंगे।
मीर व सोनू इसके लिए तैयार हो गए। इन लोगों ने साढ़े तीन-तीन लाख रुपये सुमित को दे दिए। बाद में सुमित ने व्हाट्सऐप पर मीर व सोनू को वीजा व टिकट की फोटो भेज दिए।
इधर, आरोपी ने कहा कि उनको दो मार्च को जाना है, बाकी रुपये लेकर दिल्ली आ जाएं। मीर व सोनू दिल्ली पहुंचे तो सुमित ने किसी कारण टिकट कैंसल होने की बात कर पासपोर्ट वापस कर दिए।
आरोपी ने कहा कि बाकी पैसे दुबारा टिकट देने पर लेगा। इधर पासपोर्ट पर लगे वीजा को देखकर मीर को कुछ शक हुआ। कनाडा दूतावास से जांच कराने पर पता चला कि वीजा फर्जी है। आरोपी इसी तरह गांव के दस अन्य लोगों से भी लाखों का चूना लगा दिया। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।