इंद्रपुरी इलाके में बृहस्पतिवार शाम को तीन बदमाशों ने बीच सड़क पर डीयू की छात्रा से लूटपाट की। बदमाशों ने छात्रा को शोर मचाने पर चाकू मारने की धमकी दी, लेकिन छात्रा ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया।
गश्त कर रहे पुलिसकर्मी ने लोगों की मदद से भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और एक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान दसघरा गांव निवासी अजय के रूप में हुई। उसके पास से पर्स व मोबाइल मिल गया।
पर्स में दो हजार रुपये के अलावा जरूरी कागजात थे। पुलिस लूटपाट का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, किस्मत जहां (19) पिता सबीरूल हसन व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूसा इंस्टीट्यूट के स्टाफ क्वार्टर में रहती है।
वह दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से स्नातक कर रही है। बृहस्पतिवार को किस्मत दवा लेने के लिए राममनोहर लोहिया अस्पताल आई थी। यहां से वह शाम को बस से पूसा क्वार्टर बस स्टैंड पर पहुंची।
बस से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक ने चाकू निकालकर उसे पर्स व मोबाइल देने के लिए कहा, जबकि दो बदमाश उसके दोनों ओर खड़े हो गए और शोर मचाने पर चाकू मारने की धमकी देने लगे। लूटपाट कर जैसे ही बदमाश भागने लगे, तो किस्मत ने शोर मचा दिया।
शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग किस्मत के पास पहुंच गए। भीड़ को देखकर गश्त कर रहा हवलदार सत्यप्रकाश भी वहां पहुंच गया। हवलदार ने लोगों की मदद से बदमाशों का पीछा किया और जंगल में घुस चुके तीनों बदमाशों में से एक को दबोच लिया।