फरीदाबाद के बल्लभगढ़ थानाक्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये चोरी कर लिए गए।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विष्णु कॉलोनी में रहने वाले नंदलाल गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अकाउंटेंट हैं।
पांच अप्रैल को वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। पीछे से उनके घर का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये चोरी कर लिए गए।
यह भी पढ़ें: भीड़ ने सिपाहियों को पीटा गुंडे बताकर पुलिस बुलाई
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित ने चोरों का अपने स्तर पर पता लगाने का प्रयास किया। अंत में कुछ पता न लगने पर पीड़ित ने 16 अप्रैल को चोरी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में चोरी
एनआईटी-पांच में चोरों ने बुधवार रात को एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम का ताला तोड़कर माल साफ कर दिया। शोरूम मालिक ने चोरी की शिकायत पुलिस को दे दी है।
सेक्टर-16 में रहने वाले सुनील ग्रोवर का एनआईटी-पांच में इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम है। ग्रोवर के अनुसार, चोरों ने बुधवार रात को उनके शोरूम का ताला तोड़कर 13 एलसीडी, तीन लैपटॉप और एक होम थियेटर चुरा लिया।
शोरूम के पास रहने वाले लोगों ने सुबह उन्हें घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।