गांव ढोरका में प्लॉट विवाद को लेकर फौज से रिटायर्ड भाई ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गांव ढोरका निवासी जितेंद्र(35) गांव में ही परचून की दुकान चलाता था। जितेंद्र की पत्नी रजनीश ने सेक्टर-10 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फौज से रिटायर्ड उसके जेठ सत्य नारायण व उसके छोटे भाई जितेंद्र का एक प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था।
पीड़िता का कहना है कि मंगलवार को पति जितेंद्र ने प्लॉट में सामान रखा हुआ था। सत्य नारायण ने कहा कि प्लॉट को अपना बताते हुए जितेंद्र से सामान रखे जाने के बारे सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों भाईयों के बीच मंगलवार दोपहर के समय विवाद हो गया।
घर वालों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद सत्यनारायण ने गुस्से में आकर जितेंद्र पर ताबड़तोड़ चार गोली दाग दी। घायलावस्था परिजन जितेंद्र को लेकर मानेसर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की छाती में दो तथा एक-एक गोली पेट और हाथ पर लगी है।
थाना सेक्टर-10 पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से गोली मारने की बात स्वीकार की है।