नोएडा में ठेकेदार के एक कर्मचारी ने अपने आप को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर एक युवती का बिल ठीक कराने के लिए नंबर ले लिया। उसके बाद युवती को अश्लील मैसेज भेजने लगा। पीड़ित युवती ने परिजनों को बताया तो उन्होंने बिजली घर पर पहुंचकर उसे बुलाया और जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी। बिसरख पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्रेनो वेस्ट के इटैहरा गांव के पास बिजली घर का आफिस है। वहां पर पास के ही गांव की एक युवती अपने घर का बिजली का बिल ठीक कराने आई थी। मगर उस समय अधिकारी कैंप में गए हुए थे तो ठेकेदार का कर्मचारी मिल गया।
ठेकेदार के कर्मचारी ने अपने आप को बिजली विभाग का जेई बताकर युवती का बिल ठीक कराने का आश्वासन दिया। इसी बातचीत में फर्जी जेई ने युवती से मोबाइल नंबर ले लिया। अगले ही दिन से ठेकेदार के कर्मी ने युवती को अश्लील मैसेज करने शुरू कर दिए। युवती ने फोन करके उसे समझाया कि वह उनका बिल ठीक कराए या न कराएं, मगर इस तरह की बात करना बंद कर दें।
मगर उक्त व्यक्ति नहीं माना और जब अश्लील मैसेज के बाद अब कॉल करना भी शुरू कर दिया। सोमवार को युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजन एकत्र होकर इटैहरा बिजली घर पर पहुंचे। वहां पर राकेश कश्यम की पिटाई कर दी और तोड़फोड़ पर उतारू हो गए। मगर किसी तरह एसडीओ ने उनको समझाया कि राकेश कश्यप नाम का कोई भी जेई और कर्मचारी उनके विभाग में नहीं है।
इसके बाद परिजनों ने युवती की आवाज में उसी नंबर से फोन कराकर उक्त व्यक्ति को बुलाया और फिर उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद परिजनों ने आरोपी ठेकेदार कर्मचारी को पुलिस को सौंप दिया। बिसरख पुलिस मामले की जांच कर रही है।