ओमेगा सेक्टर स्थित एनआरआई रेजिडेंसी की 17वीं मंजिल से कूदकर छात्रा के आत्महत्या करने के मामले में कन्नौज में फिर से पोस्टमार्टम होगा। कन्नौज के जिलाधिकारी ने पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को कन्नौज पहुंची ग्रेटर नोएडा कासना व कन्नौज पुलिस की देखरेख में तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। बीटेक फर्स्ट ईयर कंप्यूटर साइंस कर रही ऋतु यादव (19) पर रूममेट ने शॉपिंग सेंटर से एक क्रीम चोरी करने का आरोप लगाया था।
ऋतु के बैग से बरामद सुइसाइड नोट में उसने रूममेट छात्राओं पर मानसिक रूप से प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया था। मामले की जांच के बाद कासना थाना अंतर्गत परी चौक चौकी पुलिस ने चारों रूममेट लड़कियों सामरा, ऋचा, विजया और प्रीति पर मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। 21 अप्रैल को छात्रा के पोस्टमार्टम में उसकी मौत गिरने से हुई बताई गई थी। इतनी ऊंचाई से गिरने पर पैर पेट में अंदर तक धस गए थे।
नोएडा में पोस्टमार्टम के बाद से परिजनों ने 35 दिनों से दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर शव को अपने घर में लेप लगाकर रखा हुआ था। ऋतु कानपुर की बर्रा कॉलोनी में परिवार के साथ रहती थी।
मूलरूप से उनका परिवार कन्नौज के एक गांव में रहता है। पिता विशंभर यादव ने आरोप लगाया कि केस की जांच बेहतर ढंग से नहीं हुई है। पोस्टमार्टम में छात्रा से पहले की गई मारपीट का जिक्र नहीं है जबकि आत्महत्या से पहले उससे मारपीट की गई थी।