नंद नगरी इलाके में पड़ोसियों की वजह से 12 साल की एक मासूम की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई। आठ माह पूर्व बच्ची के पिता की मौत होने के बाद अब सौतेली माह गुजरात के एक अधेड़ से जबरन उसकी शादी करवा रही थी।
खबर मिलते ही पुलिस व महिला आयोग की टीम मौके पर पहुंच गई। बच्ची को कब्जे में लेकर आरोपी मां को हिरासत में ले लिया गया। इधर शादी करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने जानबूझकर उसे भगाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस आरोपों से इनकार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आमबिया बीबी अपनी बेटी सलमा (12) (बदला हुआ नाम) के साथ कुष्ठ आश्रम ताहिरपुर में रहती है। करीब आठ माह पूर्व आमबिया के पति सलीम की रहस्यमय हालात में मौत हो गई थी।