महरौली स्थित तनुश्री फार्र्म हाउस के पास बृहस्पतिवार रात हुए दो फोटोग्राफर दोस्तों के झगडे़ में नवनीत को गोली मारने का आरोप झूठा निकला है।
नवनीत ने फोटोग्राफर सुनील सहित उसके दो साथियों को जेल भिजवाने के लिए खुद को गोली मारी थी। आरोप लगाया था कि सुनील ने उस पर फायरिंग की है।
पुलिस ने नवनीत के साथी हारून और मोनू को गिरफ्तार कर इस फर्जीवाडे़ का खुलासा किया। आरोपियों के कब्जे से इस्तेमाल देसी पिस्टल बरामद कर ली है।
एसपी सिटी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि नवनीत कविनगर में फोटोग्राफी की दुकान चलाता है, उसके पास सुनील निवासी महरौली पूर्व में नौकरी करता था।
दोनों में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नवंबर माह से सुनील ने नवनीत के पास नौकरी करना छोड़ दिया था।
बृहस्पतिवार रात वह तनुश्री फार्म हाउस में आयोजित एक वैवाहिक सम्मेलन में फोटोग्राफी करने गया था। समारोह में नवनीत रजापुर निवासी हारून के साथ पहुंचा था।
समारोह में पैसों के लेनदेन को लेकर सुनील और नवनीत में मारपीट हुई। दोनों पक्षों के लोगों ने उन्हें समझाकर शांत किया। इसके बाद नवनीत ने सुनील और उसके दोस्तों को फंसाने की प्लानिंग की।
हारून ने बताया कि इसके बाद नवनीत उसे लेकर चिरंजीव विहार स्थित अपने घर आया। घर से एक देसी पिस्टल .32 बोर की ली। दोनों तनुश्री फार्म हाउस के पास पहुंचे और खुद ही अपने हाथ में गोली मार ली।